डीएम की जनसुनवाई में 61 शिकायतें दर्ज, कई मामलों का मौके पर निष्पादन

नवादा: बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” कार्यक्रम के अंतर्गत नागरिकों के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की जा रही है।
जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार आज जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई की गई।

जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान कुल 61 शिकायतें दर्ज की गईं। कई मामलों का जिला पदाधिकारी द्वारा मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई हेतु भेजा गया।
जनसुनवाई में विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं, जिनमें पारिवारिक विवाद, भूमि विवाद, रास्ता अवरुद्ध होने, शौचालय निर्माण से जुड़ी समस्या और बहाली से संबंधित आवेदन शामिल थे। सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन के निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।



