हिसुआ नगर परिषद की बोर्ड बैठक में विकास के बड़े फैसले, शहर होगा रोशन और सुंदर

हिसुआ (नवादा): हिसुआ नगर परिषद सभागार भवन में शनिवार को सामान्य बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद पूजा कुमारी ने की। इसमें स्थानीय विधायक अनिल सिंह और कार्यपालक पदाधिकारी आतिश रंजन विशेष रूप से मौजूद रहे। करीब दो घंटे चली बैठक में शहर के विकास, सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट और जाम की समस्या से निजात दिलाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में उपमुख्य पार्षद टिंकू चौधरी, सशक्त स्थायी समिति सदस्य अशोक कुमार सिंह, मनोज कुमार, पंकज सिंह सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। बोर्ड ने शहर को बेहतर और सुविधायुक्त बनाने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की।
एक सप्ताह में दुरुस्त होंगी खराब स्ट्रीट लाइटें
शहर में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी वार्डों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त करने का निर्णय लिया गया। जरूरत के अनुसार नई लाइटें भी लगाई जाएंगी। मुख्य पार्षद ने निर्देश दिया कि नगर परिषद क्षेत्र के किसी भी वार्ड में अंधेरा नहीं रहना चाहिए।
प्रमुख चौक-चौराहों पर लगेंगी ‘आई लव हिसुआ’ लाइटें
शहर के सौंदर्यीकरण के लिए बोर्ड ने प्रमुख स्थानों पर आकर्षक ‘I LOVE HISUA’ लाइट लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। सशक्त स्थायी समिति सदस्य अशोक कुमार सिंह ने इसका प्रस्ताव रखा था। योजना के तहत बड़की पुल, राजगीर मोड़ तीनमुहाना, राजगीर रोड, रेलवे गुमटी, गया रोड, महादेव मोड़ और तिलैया स्टेशन सहित प्रमुख स्थानों को आकर्षक रूप दिया जाएगा। नरहट रोड, गया रोड और विश्व शांति चौक का भी विशेष सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
होल्डिंग टैक्स का नए सिरे से होगा निर्धारण
बढ़े हुए होल्डिंग टैक्स को लेकर लोगों की शिकायतों पर भी बोर्ड में चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि नगर क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स का नए सिरे से डिमार्केशन कर पुनर्निर्धारण किया जाएगा, ताकि कर निर्धारण को लेकर लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके।
जाम मुक्त और सुंदर हिसुआ प्राथमिकता
बैठक में लिए गए निर्णय शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए महत्वपूर्ण हैं। जाम मुक्त और सुंदर हिसुआ बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने नगर परिषद के विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।



