मेयर प्रत्याशी इंदु सिंह ने किया जनसंपर्क, बोलीं प्रत्येक नारी शक्ति का है सम्मान, चूड़ी पर करें मतदान
चुनाव चिन्ह चूड़ी मिलने से समर्थकों में उत्साह, आसनी सिंह ने कहा अब बदलेगी धनबाद की तस्वीर

धनबाद। नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर प्रत्याशी इंदु सिंह ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में उन्होंने शहर के विभिन्न वार्डों व मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपने पक्ष में समर्थन मांगा।
जनसंपर्क के दौरान इंदु सिंह ने कहा कि उनका चुनाव चिन्ह चूड़ियां (चूड़ी) है, जो नारी शक्ति, सम्मान और सुहाग का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक महिला की अस्मिता और शक्ति के सम्मान के लिए चूड़ी चिन्ह पर मतदान करें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम में महिलाओं की भागीदारी और सम्मान बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही शहर के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनका लक्ष्य है।
इंदु सिंह के जनसंपर्क के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई महिला समर्थकों ने कहा कि चूड़ी सुहागिनों और मां शक्ति की पहचान है, इसलिए इस बार मां शक्ति की जीत सुनिश्चित है।
वहीं, अभियान में शामिल आसनी सिंह ने कहा कि चूड़ी की खनक से लोगों में उत्साह का नया संचार हो रहा है और अब धनबाद की तस्वीर बदलने वाली है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष समर्थक मौजूद रहे और जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। सोमवार को इंदु सिंह ने झरिया के बनियाहीर, डीएवी स्कूल, मुनीडीह, खास सिजुआ, तेतुलमारी पीएसबी 2, तेतुलमारी पहाड़ीगोड़ा, अंगारपथरा, लोदना, पांडेयडीह में जनसंपर्क अभियान चालाया।



