सावन की तीसरी सोमवारी पर डिवाइन पब्लिक स्कूल ने की कांवरियों की सेवा

Deoghar: पवित्र श्रावण मास की तीसरी सोमवारी के अवसर पर डिवाइन पब्लिक स्कूल 10+2, देवघर की ओर से कांवरियों की सेवा के लिए विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले कांवरियों एवं श्रद्धालुओं का सेवा-भाव से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कांवरियों के बीच फल, शीतल एवं शुद्ध पेयजल, शरबत, चाय तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया। लंबी यात्रा से थके कांवरियों ने शिविर में कुछ समय विश्राम कर राहत महसूस की। विद्यालय परिवार के सदस्यों ने पूरी श्रद्धा एवं समर्पण के साथ कांवरियों की सेवा की।
उल्लेखनीय है कि डिवाइन पब्लिक स्कूल विगत 19 वर्षों से सावन माह की प्रत्येक सोमवारी पर निरंतर कांवरियों की सेवा करता आ रहा है। सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता किरण ने कहा, “कांवरियों की सेवा करना केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। पिछले 19 वर्षों से विद्यालय इस सेवा परंपरा का निर्वहन कर रहा है और आगे भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ इसे जारी रखेगा। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, करुणा और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।”
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्यक्रम समाज में मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को सेवा और परोपकार की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। श्रावण मास में देवघर आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना विद्यालय परिवार के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है।



