आस्था हमें जोड़ती है और विकास हमें आगे बढ़ाता है: विधायक

- मरदा में संत जोसेफ चर्च को मिला नया पारिस का दर्जा, स्कूल भवन का भी हुआ शिलान्यास
- शिलान्यास कार्यक्रम में बिशप लिनुस पिंगल एक्का और विधायक भूषण बड़ा हुए शामिल
सिमडेगा: सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र के पालकोट बागेसेरा पंचायत के मरदा गांव में संत जोसेफ चर्च मरदा को विधिवत रूप से नया पारिस घोषित किया गया। इस अवसर पर मिस्सा पूजा का आयोजन किया गया। जिसका नेतृत्व गुमला धर्मप्रांत के बिशप लिनुस पिंगल एक्का ने किया। उनके साथ डीन, पल्ली पुरोहित एवं अन्य सहयोगी फादरगण ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। मौके पर हजारों की संख्या में मसीही विश्वासी, सिस्टरगण एवं अतिथिगण इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। कार्यक्रम में कांग्रेस के सिमडेगा जिला अध्यक्ष सह सिमडेगा 6 बिशप के द्वारा आशीष जल छिड़ककर भवन निर्माण कार्य को आशीर्वाद दिया गया। वहीं विधायक ने फीता काटकर शिलापट्ट का अनावरण किया।

प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सेवा करें: बिशप
अपने संबोधन में बिशप लिनुस पिंगल एक्का ने कहा कि नया पारिस घोषित होना विश्वास की गहराई और समुदाय की एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चर्च केवल प्रार्थना का स्थान नहीं बल्कि प्रेम, सेवा और मानवता का केंद्र है। हमें अपने जीवन में प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने सभी विश्वासियों को एकजुट रहकर समाज में शांति, भाईचारा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
जहां आस्था मजबूत होती है, वहां समाज भी सशक्त बनता है: विधायक भूषण बड़ा
इस अवसर पर विधायक भूषण बड़ा ने मरदा में चर्च को नया पारिस घोषित किए जाने पर खुशी जताते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि धर्म और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां आस्था मजबूत होती है, वहां समाज भी सशक्त बनता है। विधायक ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जहाँ विश्वास मजबूत होता है, वहाँ विकास अपने आप रास्ता ढूंढ लेता है। और मैं वादा करता हूँ, इस क्षेत्र में विकास की कोई कमी नहीं रहने दूंगा। आज जो स्कूल भवन का शिलान्यास हुआ है यह हमारे बच्चों के सपनों की नींव है। यहां से पढ़कर निकलने वाले बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी बनकर पूरे जिले और देश का नाम रोशन करेंगे। विधायक ने कहा कि आस्था हमें जोड़ती है और विकास हमें आगे बढ़ाता है। हम सब मिलकर एक ऐसा क्षेत्र बनाएं, जहाँ हर घर में खुशहाली हो, हर चेहरे पर मुस्कान हो और हर दिल में विश्वास हो।

समाज का समग्र विकास में सभी का सहयोग जरूरी: जोसिमा खाखा
जोसिमा खाखा ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ होती हैं। जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज का समग्र विकास संभव है। उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया और सभी से मिलकर क्षेत्र के विकास में योगदान देने की अपील की।



