राजगंज में अवैध कोयला कारोबार का खुलासा: सरकार को भारी राजस्व नुकसान, कार्रवाई की मांग

राजगंज (धनबाद): झारखंड के राजगंज क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रत्नेश कुमार के अनुसार, राजगंज के धावाचिता स्थित महतो धर्मकांटा के पास और मछली गोदाम के नजदीक खुलेआम अवैध कोयले का कारोबार संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पहले भी ट्विटर के माध्यम से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
आरोप है कि दिनदहाड़े ट्रकों में अवैध कोयले की लोडिंग की जा रही है और पेलोडर व जेसीबी मशीनों की मदद से कोयले का उठाव किया जा रहा है। यह गतिविधि सुबह से लेकर देर रात तक लगातार जारी रहती है, जिससे कोयला माफियाओं का मनोबल बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि इतने बड़े स्तर पर चल रहे इस अवैध कारोबार के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है। इससे यह संदेह भी पैदा होता है कि यह कारोबार प्रशासन की नजरों से बचकर या मिलीभगत से संचालित हो रहा है।
रत्नेश कुमार ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस मामले में जल्द से जल्द उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध कोयला कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके।



