रजौली के मुरहेना गांव में छठियार के गाने को लेकर विवाद, मारपीट में 8 घायल; दो आरोपी गिरफ्तार

रजौली (नवादा)। रजौली थाना क्षेत्र के मुरहेना गांव में छठियार कार्यक्रम के दौरान बज रहे गाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के करीब आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल रजौली में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. परितोष कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि कुछ घायलों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
गाने के बोल को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात मुरहेना गांव में एक घर में छठियार कार्यक्रम के अवसर पर गाना बज रहा था। इसी दौरान गाने के बोल को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

दोनों पक्षों के लोग हुए घायल
चिकित्सक के अनुसार, प्रथम पक्ष से गनौरी चौधरी, उनके पुत्र लक्ष्मण चौधरी, पुत्री मोना कुमारी, जनवरी चौधरी की पत्नी कैली देवी और लक्ष्मण चौधरी की पत्नी अनिता कुमारी घायल हुए।
वहीं दूसरे पक्ष से सुखदेव चौधरी, उनके पुत्र मुन्ना चौधरी, नीतीश कुमार, पुत्री कंचन देवी और पत्नी कारी देवी घायल बताए गए हैं।
चिकित्सक ने बताया कि मोना कुमारी के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि नीतीश कुमार के सिर में भी चोट आई है। सभी घायलों को आवश्यक दवा और उपचार दिया गया।
पुलिस ने दो आरोपियों को भेजा जेल
रजौली थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि किसी तीसरे व्यक्ति के यहां आयोजित छठियार कार्यक्रम में बज रहे गाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
इस मामले में प्रथम पक्ष से मोना कुमारी और दूसरे पक्ष से नीतीश कुमार ने थाने में लिखित आवेदन देकर पांच-पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे पक्ष के नीतीश कुमार और सुखदेव चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की मेडिकल जांच के बाद गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।



