देवघर में तीसरी सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट, DC-SP ने किया ब्रीफ

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तीसरी सोमवारी के सफल और सुरक्षित संचालन को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बी.एड. कॉलेज परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, अधिकारियों और बाहर से आए पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि श्रावणी मेला में विशेषकर सोमवारी के दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी पूरी सजगता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

उन्होंने निर्देश दिया कि कांवरियों और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध एवं सुगमतापूर्वक जलार्पण कराने को प्राथमिकता दी जाए। श्रद्धालुओं की कतार लगातार आगे बढ़ती रहे और किसी प्रकार का अनावश्यक गैप न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्रता और शालीनता से पेश आते हुए उन्हें हर संभव सुविधा और सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से देवघर आने वाले श्रद्धालु यहां से राज्य की अच्छी छवि लेकर लौटें, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है।

कोऑर्डिनेशन और कम्युनिकेशन गैप नहीं हो

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को आपसी कोऑर्डिनेशन और कम्युनिकेशन मजबूत रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेला ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर संवाद की कमी नहीं होनी चाहिए, ताकि किसी भी परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से पूरी तरह सजग रहते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

क्यू मैनेजमेंट और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि मेला ड्यूटी में बाहर से आए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मी अब देवघर के मेला क्षेत्र और यहां की व्यवस्था से परिचित हो चुके हैं। ऐसे में क्यू मैनेजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से जलार्पण कराया जाए और शहर में अनावश्यक ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।

ओपी और यातायात ओपी की जिम्मेदारी तय

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी ओपी और यातायात ओपी के प्रभारी डीएसपी रैंक के अधिकारी होंगे। संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने निर्धारित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखें और किसी भी समस्या को समय रहते नियंत्रित करें।

उन्होंने भीड़ नियंत्रण के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों को लेकर भी पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने दी सावधानियों की जानकारी

ब्रीफिंग के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने भी तीसरी सोमवारी को लेकर बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला स्तरीय अधिकारी, मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, पुलिस पदाधिकारी और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button