नगर कल्याण व शांति के लिए माता शीतला की वार्षिक पूजा शुरू

देवघर। नगर की सुख-समृद्धि और शांति के लिए माता शीतला की वार्षिक पूजा का शुभारंभ आज सुबह 9 बजे माता शीतला मंदिर प्रांगण में विधि-विधान के साथ किया गया। पूजा की शुरुआत नौ दिवसीय चंडी पाठ से हुई, जो लगातार नौ दिनों तक अनवरत जारी रहेगा।
इस अवसर पर महाराज नंदलाल पंडित ने मनोज केशरी और उनकी पत्नी को विधिवत पूजा का संकल्प दिलाकर चंडी पाठ का आरंभ कराया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन शाम को नगर की महिलाएं भजन-कीर्तन के माध्यम से माता की आराधना करेंगी, साथ ही महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा।
इस पुनीत कार्य में समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें सचिव अनिल कुमार केशरी, अमरनाथ दास, अनिल गुप्ता, सौरव केशरी, गोपाल वर्मा, संतोष केशरी और नरेश कुमार केशरी सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
समिति के प्रवक्ता नरेश कुमार केशरी ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन पूरे नौ दिनों तक श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न होगा।



