‘एकता दिवस’ के रूप में मनाई गई कॉमरेड ए.के. राय की जयंती, आनंद महतो ने कहा— फासीवादी ताकतों को हराने के लिए उनके रास्ते पर चलना होगा

सिंदरी (धनबाद): झारखंड के पुरोधा, शोषितों-मजदूरों के मसीहा और पूर्व सांसद कॉमरेड ए.के. राय (रॉय दा) की जयंती मंगलवार को सिंदरी में ‘एकता दिवस’ के रूप में अत्यंत श्रद्धा, सम्मान और संकल्प के साथ मनाई गई। भाकपा माले सिंदरी नगर कमेटी के तत्वावधान में पीडीआईएल (PDIL) मुख्य द्वार गोलंबर स्थित उनकी प्रतिमा/चित्र पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह वही स्थान है, जहां रॉय दा ने एक अभियंता (इंजीनियर) के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि भाकपा माले पोलित ब्यूरो सदस्य सह पूर्व विधायक कॉमरेड आनंद महतो द्वारा रॉय दा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर लाल सलाम देने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं, समर्थकों और राय-प्रेमियों ने एक-एक कर श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रमजीवियों के हक और सामाजिक क्रांति के नायक थे राय दा

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक आनंद महतो ने कहा कि कॉमरेड ए.के. राय सादगी, ईमानदारी और अनवरत जन-संघर्ष के जीवंत प्रतीक थे, जो आज भी हर इंसाफपसंद इंसान के दिलों में बसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राय साहब हमेशा ‘खट कर खाने वालों’ यानी श्रमजीवियों के सच्चे हितैषी रहे और देश के उत्पादन से जुड़े कामगारों के प्रति गहरी सहानुभूति रखते हुए उनके अधिकारों की लड़ाई में हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे।

उन्होंने कहा कि कॉमरेड राय का धनबाद आगमन ऐसे दौर में हुआ था, जब पूरे कोयलांचल क्षेत्र में माफिया, गुंडाराज और मजदूरों का भयावह शोषण चरम पर था। इस शोषणकारी व्यवस्था को उखाड़ फेंकने और शोषणमुक्त समाज की स्थापना के लिए उन्होंने लंबा संघर्ष किया। यही कारण है कि उन्हें सामाजिक क्रांति का नायक कहा जाता है।

युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं रॉय दा

आनंद महतो ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश में जिस तरह फासीवादी शक्तियों का उभार देखने को मिल रहा है, उससे मुकाबला करने के लिए कॉमरेड राय दा के दिखाए रास्ते पर चलना होगा। उन्होंने कहा कि फासीवादी ताकतों को परास्त करने के लिए व्यापक और एकजुट संघर्ष की आवश्यकता है। रॉय दा देश के नौजवानों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे और आज की युवा पीढ़ी को उनके सिद्धांतों का अनुसरण करना चाहिए।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग रहे उपस्थित

‘एकता दिवस’ के इस कार्यक्रम में नगर सचिव राजीव मुखर्जी, वरिष्ठ नेता सुरेश प्रसाद, छोटन चटर्जी, विधायक प्रतिनिधि शीतल दत्ता, हीरालाल मोदक, प्रमुख प्रतिनिधि विजय रजक, मुखिया राजाराम रजक, सुनील महतो, कृष्णा दा, युवा नेता निपेंद्र झा, विमल रवानी, सहदेव सिंह, शुभम सिंह, विरिंची महतो, अमर सिंह, जीतू सिंह, मंगल महतो, दिलीप विश्वकर्मा, पूरन सिंह, शकुंतला देवी, मनोज रवानी, विनोद महतो, दशरथ ठाकुर, जीतेंद्र शर्मा, बाबू राजा, ओमप्रकाश राम, मंटु राम, राजू बावरी, सागर मंडल, गोपाल महतो, राजू सिंह, राजेश मुखर्जी, दीपक महतो, सुभाष मंडल, बबलू महतो, ध्रुव दास, काली ठाकुर, हारु सरदार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कॉमरेड साथी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कॉमरेड ए.के. राय के संघर्षपूर्ण जीवन, श्रमिकों के अधिकारों के लिए उनके योगदान और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button