देवघर नगर निगम चुनाव: वार्ड-27 से प्रियंका देवी ने पार्षद पद के लिए भरा नामांकन

Deoghar : देवघर नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को युवा समाजसेवी ध्रुव प्रसाद साह की पत्नी प्रियंका देवी ने वार्ड संख्या-27 से पार्षद पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर वार्ड-27 स्थित उनके निजी आवास करणीबाग से आशीर्वाद यात्रा निकाली गई।
आशीर्वाद यात्रा में बड़ी संख्या में समर्थक, स्थानीय नागरिक और महिलाएं शामिल हुईं। यह यात्रा कुंडा मोड़, चरकी पहाड़ी और बंधा होते हुए समाहरणालय पहुंची, जहां प्रियंका देवी ने विधिवत रूप से नामांकन दाखिल किया।
नामांकन के बाद प्रियंका देवी ने कहा कि उनके पति ध्रुव प्रसाद साह वर्षों से निस्वार्थ भाव से न केवल नगर निगम क्षेत्र बल्कि पूरे जिले में समाज सेवा करते आ रहे हैं। उन्होंने बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों की सेवा की है और हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका पूरा परिवार लंबे समय से निरंतर जनसेवा में समर्पित है।
प्रियंका देवी ने विश्वास जताया कि जनता उनके कार्यों को पहचानती है और 23 फरवरी को अपना आशीर्वाद देकर एक बार फिर सेवा का अवसर देगी। उन्होंने कहा कि वे वार्ड-27 के सभी नागरिकों को अपने परिवार का सदस्य मानती हैं। यदि जनता ने उन्हें पार्षद चुना, तो वार्ड के सर्वांगीण विकास को उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने बेहतर सड़क, नाली और पेयजल व्यवस्था, नियमित सफाई, स्ट्रीट लाइट की सुविधा, जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ, महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष सुविधाएं, बुजुर्गों के लिए सहयोग तथा बच्चों के लिए खेल और शिक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया। साथ ही उन्होंने कहा कि वार्ड-27 में पारदर्शी और जनहितकारी कार्य प्रणाली अपनाई जाएगी, ताकि हर नागरिक की समस्या का त्वरित और प्रभावी समाधान हो सके।
नामांकन और आशीर्वाद यात्रा के दौरान समर्थकों की भारी मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल और उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर अखिल भारतीय मद्धेशिया वैश्य सभा के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन कुमार गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता संदीप विवेक, झामुमो नेता संजय साह, आजसू जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य, भाजपा नेता डॉ. राजीव रंजन, राजद नेता दिपू झा सहित अभिजीत दे, सोमादे, प्रकाश कुमार मंडल, प्रकाश सिंह, अमन कुमार, सीतानाथ पंडित, आकाश कुमार, मनोज यादव, गौरव कुमार, रंजीत वर्मा, रवि कुमार, सोनू कुमार, सुमन गुप्ता, अजित साह, गणेश साह, महेश कुमार, अनुप लाल, साकेत कुमार, मुनी देवी, पूनम देवी, शारदा देवी, रंजना देवी, केंटकी देवी एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद थे।



