श्रावणी मेला 2026: देवघर नगर निगम की तैयारी तेज, RFID टैगिंग, सफाई और कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर

देवघर। आगामी श्रावणी मेला 2026 को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम कार्यालय में अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और कचरा निष्पादन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों और स्वच्छता एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, सफाई सह फूड निरीक्षक, सफाई निरीक्षक तथा नगर निगम की स्वच्छता एजेंसी (MSWM) के अधिकारी मौजूद रहे।
15 दिनों में RFID टैगिंग पूरी करने का निर्देश
अपर नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि श्रावणी मेला 2026 शुरू होने से पहले डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए। साथ ही अगले 15 दिनों के भीतर सभी घरों में RFID टैगिंग का कार्य पूरा किया जाए, ताकि कचरा संग्रहण की ऑनलाइन निगरानी प्रभावी रूप से की जा सके। उन्होंने प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ की नियमित सफाई होगी
बैठक में निर्देश दिया गया कि मेला क्षेत्र, कांवरिया पथ, मंदिर परिसर, बाजार, प्रमुख चौक-चौराहों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आवासीय क्षेत्रों से नियमित एवं समयबद्ध तरीके से कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए। नगर निगम के सभी सफाई वाहनों का रख-रखाव बेहतर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और संक्रमण नियंत्रण पर जोर
अपर नगर आयुक्त ने कहा कि कचरा उठाव के बाद संबंधित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाए, ताकि स्वच्छता बनाए रखने के साथ संक्रमण नियंत्रण भी सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा बड़े कूड़ेदानों की नियमित सफाई, डम्पर प्लेसर को पूरी तरह कार्यशील रखने तथा रात्रिकालीन सफाई अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
दूसरी पाली में भी तैनात होंगे पर्याप्त वाहन
बैठक में दूसरी पाली में भी पर्याप्त संख्या में सफाई वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करने और RFID आधारित ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम को जल्द शुरू करने पर जोर दिया गया। इससे पूरे मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की निगरानी और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
अतिक्रमण हटाने और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता
नगर निगम द्वारा संचालित सफाई कार्यों की समीक्षा के दौरान सड़क किनारे, बाजार और कांवरिया रूट पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छ वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक के अंत में अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला 2026 के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी और स्वच्छता एजेंसी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।



