विश्व पर्यावरण दिवस पर नवादा में वृक्षारोपण, डीएम ने जन-जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

नवादा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून को ऑफिसर कॉलोनी स्थित हरित वाटिका पार्क में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी द्वारा वृक्षारोपण कर की गई।

इस अवसर पर डीएम रवि प्रकाश ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण को अपने सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधे न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं बल्कि स्वच्छ वायु प्रदान कर भविष्य को सुरक्षित बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही डीएम ने पर्यावरण जागरूकता के लिए एक जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक करेगा।

वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रेष्ठ कृष्णा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में लगभग 05 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय आई-कार्ड के माध्यम से वन विभाग से दो-दो पौधे प्राप्त कर उनका रोपण कर सकते हैं।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button