ऑपरेशन मुस्कान के तहत सीतामढ़ी थाना पुलिस ने पांच लोगों को लौटाए खोए हुए मोबाइल
ऑपरेशन मुस्कान के तहत पांच लोगों को सौंपे गए खोए हुए मोबाइल

-विवेक कुमार
नवादा (मेसकौर): सीतामढ़ी थाना पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पांच खोए हुए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थानों में ऑपरेशन मुस्कान अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य थाना में प्राप्त आवेदन के आधार पर खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना है।
इसी क्रम में सीतामढ़ी थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के पांच लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए। मोबाइल धारकों की पहचान सुनिश्चित करने के बाद थानाध्यक्ष पप्पू शर्मा ने सभी लाभुकों को थाना परिसर में बुलाकर उनके मोबाइल फोन सुपुर्द किए।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष पप्पू शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन खो जाए या चोरी हो जाए तो वह बिना देर किए संबंधित थाना में इसकी सूचना दें और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। इससे पुलिस को मोबाइल का पता लगाने, उसे बरामद करने तथा सुरक्षित रूप से उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने में आसानी होती है।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत सीतामढ़ी थाना पुलिस की इस पहल से लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।



