आधार केंद्रों के बाहर होगी वॉल राइटिंग, अवैध वसूली की शिकायत के लिए उपायुक्त व बीडीओ के नंबर होंगे प्रदर्शित

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला आधार निगरानी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी सीडीपीओ एवं लेडी सुपरवाइजर (एलएस) को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक माह उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि लाभुकों के आधार में मोबाइल नंबर अपडेट कराने के कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में उपायुक्त ने जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में आधार सेवा केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र पर आधार से संबंधित सभी आवश्यक सेवाओं के साथ-साथ आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आमजन को एक ही स्थान पर कई महत्वपूर्ण सेवाएं मिल सकेंगी।
अवैध वसूली एवं दलालों की गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने प्रत्येक प्रखंड, आंगनबाड़ी केंद्र एवं बीआरसी परिसर में संचालित आधार सुधार केंद्रों के बाहर वॉल राइटिंग कराने का निर्देश दिया। वॉल राइटिंग में उपायुक्त, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) तथा लेडी सुपरवाइजर (एलएस) के मोबाइल नंबर अंकित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कोई व्यक्ति आधार सेवाओं के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की मांग करता है या अवैध वसूली करता है, तो आमजन तत्काल प्रदर्शित नंबरों पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और आधार केंद्रों पर दलालों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
बैठक में आधार नामांकन केंद्रों की कार्यप्रणाली, मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक अद्यतन एवं लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने तथा आमजन को बेहतर एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अभिषेक झा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री पंकज कुमार, डीपीओ यूआईडी श्री अमित सिंह, सहायक मैनेजर श्री हरवीर सिंह, हेड पोस्टमास्टर सहित समाज कल्याण विभाग एवं सीएस कार्यालय के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



