देवघर जिला कांग्रेस ने नगर अध्यक्ष रवि केसरी को मेयर चुनाव में दिया समर्थन

देवघरI शुक्रवार को देवघर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष श्री मुकुंद दास की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कार्यालय, देवघर में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र देवघर नगर निगम के महापौर पद के प्रत्याशी एवं देवघर नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्री रवि केसरी को कांग्रेस पार्टी की ओर से आधिकारिक समर्थन देने की घोषणा की गई।
इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्टी के जो भी नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता वार्ड पार्षद पद पर चुनाव लड़ रहे हैं, उन्हें भी पूर्ण समर्थन दिया जाएगा।
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने श्री रवि केसरी को माला पहनाकर उनका स्वागत किया तथा समर्थन व्यक्त किया।


जिला अध्यक्ष श्री मुकुंद दास ने कहा कि देवघर जिला कांग्रेस एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के संयुक्त निर्णय के तहत श्री रवि केसरी को समर्थन दिया गया है। उन्होंने कहा कि रवि केसरी एक निष्ठावान, कर्मठ एवं लोकप्रिय कार्यकर्ता हैं तथा महापौर पद के लिए हर दृष्टिकोण से योग्य उम्मीदवार हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर पूरी तन्मयता के साथ उनकी जीत सुनिश्चित करें।
जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय ने कहा कि रवि केसरी एक मजबूत प्रत्याशी के रूप में उभरे हैं और उन्हें नगर निगम क्षेत्र के हर वर्ग, समुदाय एवं व्यापारियों का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी जीत निश्चित है और उनके नेतृत्व में देवघर नगर निगम एक आदर्श नगर निगम के रूप में विकसित होगा।

समर्थन मिलने पर श्री रवि केसरी ने कहा कि कांग्रेस का समर्थन मिलने से उनकी स्थिति और सुदृढ़ हुई है। उन्होंने कहा कि मेयर बनने के पश्चात वे नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं एवं सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे तथा भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देंगे।
पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश ने कहा कि रवि केसरी की जीत सुनिश्चित है और यह जीत पूरे नगर निगम क्षेत्र की जनता की जीत होगी।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव राजेंद्र दास, जिला महासचिव-सह-प्रवक्ता दिनेश कुमार मंडल, जिला पदाधिकारी रवि गुप्ता, केदार दास, किशोर ठाकुर, युवा जिलाध्यक्ष आशीष भारद्वाज, गणेश दास, विकास राउत, कुमार बाबा, अजय कृष्ण भारती, हेमंत चौधरी, नारायण यादव, अनिल केसरी, अंकुर केसरी, शशि राणा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button