धनबाद नगर निगम का 11 जोनल कमिटियों के गठन से विकास को मिलेगी रफ्तार

धनबाद : बाबुडीह स्थित विवाह भवन में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में धनबाद नगर निगम ने शहर के समग्र विकास को गति देने के लिए बड़ा कदम उठाया। बैठक में मेयर संजीव सिंह,डिप्टी मेयर अरुण कुमार चौहान नगर आयुक्त आशीष गंगवार, टुंडी विधायक सह सचेतक मथुरा प्रसाद महतो सहित सभी 55 वार्डों के पार्षद और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम की कार्यप्रणाली को अधिक संगठित, पारदर्शी और प्रभावी बनाना था। इसी दिशा में सर्वसम्मति से 55 वार्डों के लिए कुल 11 जोनल कमिटियों का गठन किया गया। इन कमिटियों में संबंधित वार्डों के पार्षदों को शामिल किया गया है, जिससे क्षेत्रीय समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की प्रक्रिया को तेज किया जा सके।

अब ये जोनल कमिटियां अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क, जलापूर्ति, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं की नियमित समीक्षा करेंगी। इससे न केवल योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा, बल्कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान भी संभव हो सकेगा।

मेयर संजीव सिंह और डिप्टी मेयर अरुण कुमार चौहान ने सयुक्त रूप से कहा कि नगर निगम अब “एक्शन मोड” में काम कर रहा है और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने बताया कि नवगठित कमिटियों के साथ आगामी बजट पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी, ताकि योजनाओं को और प्रभावी बनाया जा सके।

वहीं मथुरा प्रसाद महतो ने इस पहल को शहर के विकास के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को तेजी से लागू करने में मदद मिलेगी और जनता को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सकेगा।

बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं भी उठाईं, जिस पर अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम ने 30 मार्च को विकास योजनाओं पर एक विशेष बैठक आयोजित करने का निर्णय भी लिया है, जिसमें विभिन्न प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

कुल मिलाकर, 11 जोनल कमिटियों का गठन धनबाद के विकास को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है, जिससे शहर में योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी और पारदर्शिता दोनों बढ़ेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button