वीरपुर में 8 माह से लंबित प्रोत्साहन राशि भुगतान नहीं होने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने पीएचसी में लेखापाल का किया घेराव
मांगों के समर्थन में आशा कार्यकर्ताओं व फेसिलेटरों ने की जमकर नारेबाजी, पांच घंटे तक रहा घेराव

वीरपुर/बेगूसराय। वीरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आठ माह से लंबित प्रोत्साहन राशि की भुगतान की मांगों को लेकर गुरुवार को आशा कार्यकर्ताओं एवं फैसिलिटेटरों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पीएचसी स्थित लेखापाल कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ता संघ की प्रखंड अध्यक्ष शीला कुमारी, सचिव रीना देवी सहित चम-चम कुमारी, फेसिलेटर अंजू कुमारी, कुमारी संगीता, पूनम कुमारी, नूतन कुमारी, आशा कुमारी राम सखी, हीरा कुमारी, ममता कुमारी, जिनत प्रवीण, किरण कुमारी समेत प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
सभी ने एक स्वर में बताया कि अगस्त 2025 से लेकर मार्च 2026 तक का प्रोत्साहन राशि अब तक भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वे लगातार पीएचसी का चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक भुगतान को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि समय पर प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं, इस संबंध में पूछे जाने पर पीएचसी लेखापाल अनूप कुमार गुप्ता ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के पांच माह के लंबित प्रोत्साहन की राशि की भुगतान से संबंधित बिल जिला स्तर पर ट्रेजरी में भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि पीएफएमएस के माध्यम से भुगतान प्रक्रिया के दौरान राशि रिजेक्ट हो गई थी।
28 मार्च 2026 को हुए इस रिजेक्ट के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही समस्या का समाधान कर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।करीब पांच घंटे तक चले इस घेराव और प्रदर्शन के बाद पीएचसी के हेल्थ मैनेजर भवेश वर्मा के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि लंबित प्रोत्साहन राशि की भुगतान हेतु पीएचसी स्तर से सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। अब यह जिला स्तर का मामला है जिसके बाद आशा कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।



