नवगछिया पुलिस ने टॉप-10 फरार अपराधियों पर घोषित किया इनाम, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त

नवगछिया (लवकुश कुमार)। पुलिस जिला नवगछिया ने जिले के टॉप-10 कुख्यात वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए इनाम राशि घोषित की है। इस संबंध में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आम लोगों से सहयोग की अपील की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों की गिरफ्तारी या उनसे संबंधित सटीक सूचना देने वाले नागरिकों एवं पुलिसकर्मियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा उन्हें निर्धारित पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।जारी सूची में बिहपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपुर निवासी पप्पू यादव को सबसे अधिक 20 हजार रुपये के इनाम के साथ शामिल किया गया है।वह करीब 15 कांडों में संलिप्त बताया गया है। वहीं लत्तीपुर निवासी गौरेलाल यादव पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है, जो चार मामलों में वांछित है।
खरीक थाना क्षेत्र के भवनपुरा निवासी चंदन यादव पर भी 10 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। वह तीन कांडों में आरोपी है। परबत्ता थाना क्षेत्र के जुगुनिया निवासी मो. ताजीम पर 15 हजार रुपये तथा जगतपुर निवासी छोटू उर्फ संतोष यादव पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इन अपराधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने के लिए पुलिस द्वारा हेल्पलाइन नंबर 06421-223285 एवं 9031828030 जारी किया गया है। नवगछिया पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।



