पंचायती राज पदाधिकारी ने मनरेगा भवन सभागार में नल जल योजना के भूमिदाताओं के साथ की बैठक

छपरा (सारण)। एकमा प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन सभागार में पंचायती राज पदाधिकारी सूरज कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को एकमा प्रखंड के नलजल योजना के सभी अनुरक्षकों एवं भूमिदाताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के वार्डों से आए भूमि दाताओं ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं।

भूमिदाताओं ने बताया कि उन्होंने बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना के लिए अपनी निजी जमीन उपलब्ध कराई थी। उस जमीन पर नल-जल योजना शुरू भी कर दी गई, लेकिन पिछले पांच वर्षों से भू-स्वामियों को मुआवजा प्राप्त नहीं हो सका है। भुगतान के लिए वे कभी प्रखंड कार्यालय तो कभी जिला स्तर पर चक्कर लगा रहे हैं।

भूमिदाताओं का आरोप था कि भुगतान की राशि संबंधित पंचायतों के वार्ड सदस्य के खातों में भेज दी जाती है, लेकिन कई वार्ड सदस्य राशि मिलने के बावजूद उन्हें भुगतान नहीं कर रहे हैं, जिससे उन्हें प्रतिकूल परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायती राज पदाधिकारी सूरज कुमार ने उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि यह समस्या काफी समय से बनी हुई है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकारी गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और भुगतान संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान कर भूमिदाताओं को राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही ठोस कदम उठाएंगे। बैठक में राजकुमार साह, योगेंद्र सिंह, अशोक शर्मा, दशरथ यादव, शंभू राम, अच्छेलाल यादव सहित अन्य भूमिदाता शामिल थे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button