सिमडेगा में नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 हेतु व्यापक तैयारी, पोलिंग पार्टियां रवाना

सिमडेगा। नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत 23 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान से पूर्व सिमडेगा कॉलेज परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से सभी पोलिंग पार्टियों को आवश्यक चुनाव सामग्री, मतपत्र पेटियां एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

रवाना होने से पूर्व प्रत्येक पोलिंग पार्टी द्वारा सामग्री का सावधानीपूर्वक मिलान किया गया। मतपत्र पेटी, सील, विभिन्न प्रपत्र, हैंडबुक, चेकलिस्ट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या कमी न रह जाए। अधिकारियों ने मतपत्र पेटी को खोलने-बंद करने की प्रक्रिया, सीलिंग की विधि, प्रपत्रों को सही तरीके से भरने और मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

सिमडेगा नगर क्षेत्र के अंतर्गत कुल 37 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां मतदाता अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों के पक्ष में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शहरी क्षेत्र में होने वाले इस चुनाव को लेकर मतदाताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।

उपायुक्त का संबोधन

पोलिंग पार्टियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सभी कर्मियों ने गंभीरता, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया है। विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों के फीडबैक से स्पष्ट है कि पूरी टीम अपने दायित्वों के प्रति सजग है। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने की पहली शर्त है—स्पष्ट जानकारी और बिना किसी भ्रम के कार्य निष्पादन।

उन्होंने बताया कि इस बार पूर्व चुनावों के अनुभवों के आधार पर सावधानी बरती गई है तथा आवश्यक प्रपत्रों की विस्तृत चेकलिस्ट भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि मतदान के उपरांत सामग्री जमा करते समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान सामग्री को उसी सावधानी से सुरक्षित रखें जैसे कोई व्यक्ति अपने की सुरक्षा करता है। मतपत्र अत्यंत संवेदनशील सामग्री है, इसे किसी भी परिस्थिति में असुरक्षित न छोड़ें।

उपायुक्त ने निष्पक्षता पर विशेष बल देते हुए कहा कि व्यक्तिगत विचार भिन्न हो सकते हैं, किंतु आचरण पूर्णतः तटस्थ और निष्पक्ष होना चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात का आभास भी स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने गर्भवती महिला, वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं पीठासीन पदाधिकारी की हस्तपुस्तिका का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैनात है। किसी भी परिस्थिति में सहायता के लिए टीम तत्पर रहेगी। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने और सिमडेगा जिले को आदर्श चुनाव का उदाहरण बनाने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक ने दी सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी

पुलिस अधीक्षक श्री श्रीकांत एस. खोटरे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत ब्रीफिंग दी। उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिस पदाधिकारी अपनी पोलिंग पार्टी के साथ मतदान केंद्र से लेकर मतपत्र पेटी जमा होने तक निरंतर साथ रहें।

उन्होंने कहा कि मतदान दिवस की सुबह 6 बजे तक सभी कर्मी तैयार अवस्था में रहें। 7 बजे से मतदान प्रारंभ होगा। प्रवेश द्वार पर सघन जांच सुनिश्चित की जाए। चूंकि मतदान बैलेट पेपर से होना है, इसलिए ज्वलनशील पदार्थ, मोबाइल फोन, धूम्रपान सामग्री अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं अंदर ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा।

उन्होंने कतार व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने, एक पुरुष मतदाता के बाद दो महिला मतदाताओं को प्रवेश देने तथा वृद्ध, गर्भवती एवं दिव्यांग मतदाताओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

पुलिस बल को मतदान कक्ष के अंदर प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी गई, वह भी पीठासीन। सभी कर्मी अपने हथियार सुरक्षित रखें, चेंबर खाली रहे और सेफ्टी ऑन रहे। किसी भी विधि-व्यवस्था की स्थिति में तत्काल सेक्टर पदाधिकारी या कंट्रोल रूम को सूचना देने को कहा गया। प्रत्येक सेक्टर में क्यूआरटी तैनात रहेगी और रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रहेगा।

उन्होंने बल प्रयोग से बचने, धैर्य और विनम्रता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।

उप विकास आयुक्त का सतर्कता पर जोर

उप विकास आयुक्त श्री दीपांकर चौधरी ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में प्रत्याशियों की संख्या अधिक होती है और वे छोटे क्षेत्रों में केंद्रित रहते हैं। ऐसे में हर गतिविधि पर उनकी नजर रहती है। छोटी से छोटी त्रुटि भी तुरंत उजागर हो सकती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकसभा या विधानसभा चुनाव की तरह इस चुनाव में भी नियमों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने मतदान कर्मियों को आत्मविश्वास के साथ अपने केंद्रों के लिए रवाना होने का निर्देश दिया। तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है, फिर भी किसी प्रकार की शंका हो तो तुरंत समाधान कर लें। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि कोई भी कर्मी मतपत्र पेटी या चुनाव सामग्री को छोड़कर इधर-उधर न जाए।

इस अवसर पर सामान्य प्रेक्षक श्री संजय पी. एम. कुजूर, अपर समाहर्ता श्री ज्ञानेन्द्र, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रकाश रंजन ज्ञानी, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री पवन कुमार महतो, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री संजय बखला, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी श्री पलटू महतो, डीएसपी श्री रनवीर सिंह, नगर परिषद प्रशासक पदाधिकारी श्री अरविन्द तिर्की सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button