नवादा में दंपति को दत्तक ग्रहण पूर्व पोषण हेतु बालक सुपुर्द, 4 साल की प्रतीक्षा के बाद दंपति का परिवार हुआ पूर्ण

नवादा (राजीव कुमार) : गुरुवार को जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने पटना निवासी दंपति शशि कुमार सिंह एवं उनकी पत्नी सारिका कुमारी को बालक अनुज (नया नाम- शास्विक राज) को दत्तक ग्रहण पूर्व पोषण हेतु अस्थायी रूप से सुपुर्द किया। यह कार्रवाई दत्तक ग्रहण समिति, नवादा की अनुशंसा पर विधिवत की गई।

CARA पोर्टल के माध्यम से पूरी हुई प्रक्रिया : दत्तक ग्रहण की समस्त प्रक्रिया केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA), नई दिल्ली, भारत सरकार के CARINGS पोर्टल के माध्यम से दत्तक ग्रहण विनियम, 2022 तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के अनुरूप पूरी की गई।

दंपति ने जताया आभार, कहा- 4 साल बाद परिवार पूरा हुआ : बालक मिलने के बाद दंपति ने अत्यंत हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि लगभग चार वर्षों की प्रतीक्षा के बाद आज उनका परिवार पूर्ण हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित संस्थाओं के प्रति आभार जताया।

नवादा से अब तक 61 बच्चों को मिला परिवार :

सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई रीतेश कुमार ने बताया कि विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, नवादा से 18 जून, 2026 तक कुल 14 बच्चों को अंतरदेशीय दत्तक ग्रहण तथा देश के भीतर कुल 47 बच्चों को दत्तक ग्रहण के माध्यम से परिवारों को सुपुर्द किया जा चुका है। उन्होंने आम नागरिकों से दत्तक ग्रहण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और पात्र बच्चों को परिवार देने में सहयोग की अपील की।

दत्तक ग्रहण के लिए जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया

  • पंजीकरण: इच्छुक व्यक्ति भारत सरकार के मिशन वात्सल्य पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
  • आवश्यक दस्तावेज: पैन कार्ड, आधार कार्ड, विवाह प्रमाण पत्र, चिकित्सा फिटनेस प्रमाण पत्र, पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र तथा आय प्रमाण पत्र।
  • सहायता: इच्छुक व्यक्ति स्वयं या निकटवर्ती दत्तक ग्रहण संस्थान के माध्यम से भी पंजीकरण करा सकते हैं।

    वर्तमान में विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, वीआईपी कॉलोनी, डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप, नवादा में संचालित है। यहां से दत्तक ग्रहण संबंधी आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्राप्त किया जा सकता है।

    कार्यक्रम में रीतेश कुमार, सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई; अमरेंद्र मेहता, बाल संरक्षण पदाधिकारी; आदर्श निगम, प्रबंधक, विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान; बाल कल्याण समिति, नवादा के सदस्यगण एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button