बायो-माइनिंग प्लांट का शुभारंभ, कचरा निस्तारण में बड़ी पहल
महापौर विभा कुमारी ने कहा स्वच्छ शहर की ओर मजबूत कदम

पूर्णिया : नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में शुक्रवार को हांसदा डंपिंग यार्ड में बायो-रेमेडिएशन/बायो-माइनिंग प्लांट का उद्घाटन महापौर विभा कुमारी ने फीता काटकर किया।
महापौर ने कहा कि वर्षों से जमा कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए यह प्लांट मील का पत्थर साबित होगा। इसके जरिए कचरे को अलग-अलग कर उसका प्रभावी प्रबंधन किया जाएगा, जिससे शहर को कचरे के ढेर से राहत मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कूड़ेदान के उपयोग पर जोर दिया तथा संबंधित एजेंसी को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। समारोह में वार्ड पार्षदों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।



