भीषण गर्मी को लेकर उपायुक्त सख्त, पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने के दिए निर्देश

देवघर। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने बढ़ती गर्मी के प्रभाव को देखते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ और दुरुस्त करने के उद्देश्य से सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर निगम देवघर, नगर परिषद मधुपुर तथा देवघर व मधुपुर अनुमंडल के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि जल संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी है और सामूहिक प्रयास से ही जल संकट से बचा जा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गर्मी के दिनों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

साथ ही उन्होंने पेयजल समस्याओं के समाधान हेतु जारी हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन अपनी समस्याएं दर्ज करा सकें और उनका त्वरित समाधान हो सके। कॉल सेंटर में प्राप्त शिकायतों के निरंतर निस्तारण के लिए नगर निगम देवघर, नगर परिषद मधुपुर और पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने चापाकलों, सोलर हाउसपंप और अन्य जल स्रोतों की मरम्मत के लिए चिन्हित मद का उपयोग सुनिश्चित करने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button