भागलपुर छात्र प्रदर्शन में उपद्रव: पुलिस वाहनों पर पथराव, 30 हिरासत में; 100 से अधिक उपद्रवियों की पहचान

रवि भूषण | भागलपुर

भागलपुर में शनिवार को छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। प्रदर्शन के बीच उपद्रवियों ने पुलिस बल, सरकारी वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को निशाना बनाते हुए पथराव किया, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपद्रवियों ने दो सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा एक स्मारक चिन्ह को भी नुकसान पहुंचाया गया। पथराव की घटना में कुछ पुलिसकर्मी, मीडियाकर्मी और आम नागरिकों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया है और किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, 30 उपद्रवी हिरासत में

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर करीब 30 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। वहीं, इस मामले में शामिल 100 से अधिक अन्य संदिग्धों की पहचान कर ली गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहर में स्थिति नियंत्रण में

पुलिस प्रशासन के अनुसार, संयुक्त प्रयासों से भागलपुर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button