NEET परीक्षा की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए सभी केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहेगी व्हीलचेयर

देवघर। जिले में आगामी नीट (NEET) परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बुधवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा परीक्षा संचालन से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया।
उपायुक्त ने ए.एस. कॉलेज, देवघर कॉलेज, रमा देवी बाजला महिला कॉलेज एवं पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन के लिए जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के बैठने हेतु पर्याप्त बेंच की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा धूप एवं बारिश से बचाव के लिए टेंट की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही दिव्यांग परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर अनिवार्य रूप से व्हीलचेयर उपलब्ध रखने को कहा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दिन सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप, जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।



