बिहार प्रादेशिक अग्रवाल महिला सम्मेलन द्वारा होली मिलन महोत्सव का भव्य आयोजन

पटना। बिहार प्रादेशिक अग्रवाल महिला सम्मेलन द्वारा होली मिलन महोत्सव का भव्य आयोजन आज अग्रसेन भवन, बैंक रोड, पटना स्थित शक्तिधाम परिसर में उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं द्वारा होली के पारंपरिक गीतों एवं आकर्षक नृत्यों से हुई, जिससे पूरा परिसर रंग, उमंग और उत्सव के वातावरण से गुंजायमान हो उठा।
“आया होली का त्योहार, उड़े रंग की बौछार”, “बलम पिचकारी जो तूने मुझे मारी”, “आज न छोड़ेंगे हमजोली – खेलेंगे हम होली”, “अरे जा रे हट नटखट”, तथा “पिचकारी के लागल बुखार” जैसे लोकप्रिय होली गीतों पर प्रस्तुत नृत्यों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए , बिहार प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष अमर अग्रवाल ने कहा कि होली रंगों, प्रेम और भाईचारे का त्योहार है। जब प्रकृति बसंत के रंगों से धरती को सजाती है, तब होली का आगमन होता है। यह पर्व रूप, रस, रंग और प्रेम का संदेश देता है। मौके पर महिला सम्मेलन की प्रादेशिक अध्यक्ष डा. गीता जैन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि होली मित्रता और एकता का पर्व है, जिसमें जाति-भेद का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने रासायनिक रंगों के प्रयोग से बचने की अपील करते हुए कहा कि “सूखी होली, सुखी होली है।” सूखी होली खेलने से समय, धन, त्वचा एवं ऊर्जा की बचत होती है।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
डॉ. गीता जैन ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि पतले प्लास्टिक बैग पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के थैलों के उपयोग का आह्वान करते हुए पटना को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का शुभारंभ भजन-कीर्तन मंडली द्वारा गणेश वंदना से हुआ। गुड़िया के निर्देशन में प्रस्तुत “राधा-कृष्ण होली नृत्य” को समीक्षा, प्रियंका, खुशी, निशु, डिम्पल, अंजलि, रुचि एवं स्वेता ने जीवंत बना दिया। छोटी बालिका श्रीनिका द्वारा प्रस्तुत “बरसाने की होली” ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। नीना मोटानी एवं अर्चना जैन के “जमाना बदल रहा है” नृत्य तथा दया अग्रवाल के “मधुबन में राधिका नाचे रे” नृत्य की सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर चंद्रकला मोहनका, अनिता जैन, बबीता बिदासरिया, शीतु गांधी एवं रीतू अग्रवाल को “अग्र महिला सम्मान” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ताश प्रतियोगिता, फटाफट गेम एवं तंबोला का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में महिलाओं ने ठंडई एवं पारंपरिक पकवानों का आनंद उठाया। कार्यक्रम की सफलता में रेनु अग्रवाल एवम संगीत गोयनका सहित शकुंतला अग्रवाल, दया अग्रवाल, अर्चना जैन, रजनी खेमका, पुष्पा जैन, सुधा अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, अनीता गोयल, दीपा, ज्योति बंसल, सुरभि अग्रवाल, रूबी सिन्हा एवं अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



