दशरथ महथा बने झारखंड कुश्ती टीम के कोच, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगे मार्गदर्शन

देवघर। देवघर जिला कुश्ती संघ के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि जिले के प्रतिभाशाली कुश्ती प्रशिक्षक दशरथ महथा का चयन झारखंड फ्री स्टाइल कुश्ती टीम के कोच के रूप में किया गया है। वे 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित होने वाली अंडर-17 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में टीम का मार्गदर्शन करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए देवघर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष विजय प्रताप सनातन ने कहा कि दशरथ महथा का चयन जिले और राज्य के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में झारखंड की टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी।
संघ के सचिव संजीव कुमार झा ने बताया कि दशरथ महथा एक होनहार एवं प्रतिभावान खिलाड़ी रहे हैं और उन्हें कुश्ती की गहरी समझ है। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर है जब उन्हें जूनियर खिलाड़ियों के कोच के रूप में नियुक्त किया गया है, जो उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
इस उपलब्धि पर संघ के अन्य पदाधिकारियों कौशल सिंह, अभिजीत सिंह, मुन्ना राउत, संजय वर्मा, सोनाधारी, अमित कुमार, दीपनारायण, विनीता, विद्या, अंजली, रौनक एवं आशीष ने हर्ष व्यक्त करते हुए दशरथ महथा को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।



