नवादा में प्रेमीयुगल ने मंदिर में रचाई शादी, मां के पहुंचने पर मचा हंगामा

नवादा। नवादा जिले के मेसकोर थाना क्षेत्र में छह वर्षों से चल रहा प्रेम संबंध आखिरकार विवाह में बदल गया। पथरा गांव स्थित शिव मंदिर में सादगीपूर्ण तरीके से दोनों ने शादी रचाई। हालांकि शादी की सूचना मिलते ही दुल्हन की मां मौके पर पहुंच गईं, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में ग्रामीणों की पहल के बाद स्थिति सामान्य हुई और दुल्हन दूल्हे के साथ चली गई।
मामला नवादा जिले के मेसकौर थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरा गांव का है। जानकारी के अनुसार रजौली निवासी कारू राजवंशी के पुत्र सुरेंद्र राजवंशी का प्रेम प्रसंग नवादा की सुषमा कुमारी के साथ पिछले छह वर्षों से चल रहा था। दुल्हन मांझी समाज से संबंध रखते हैं। परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी थी, लेकिन युवती की शादी कहीं और तय कर दी गई थी।
सुषमा कुमारी ने बताया कि वे दोनों कई वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं। परिवार द्वारा दूसरी जगह शादी तय किए जाने के बाद उन्होंने अपनी मर्जी से साथ रहने और विवाह करने का फैसला किया। इसके बाद दोनों घर छोड़कर मेसकोर थाना क्षेत्र के पथरा गांव स्थित एक रिश्तेदार के यहां पहुंच गए।

गांव में सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग जुट गए। ग्रामीणों की मौजूदगी में शिव मंदिर में बिना बारात और बिना तामझाम के सादगीपूर्वक विवाह संपन्न कराया गया। दोनों ने एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार किया।
शादी की खबर मिलते ही दुल्हन की मां मौके पर पहुंचीं और बेटी को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया। युवती के बालिग होने की बात सामने आने के बाद मामला शांत हुआ और दुल्हन को दूल्हे के साथ विदा कर दिया गया।
मेसकोर थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस मामले की कोई आधिकारिक सूचना थाने को प्राप्त नहीं हुई है। लिखित शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



