“समृद्ध नवादा, सुरक्षित नवादा” संकल्प के साथ जिला प्रशासन और व्यापारियों की बैठक संपन्न, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

नवादा (राजीव कुमार) : “समृद्ध नवादा, सुरक्षित नवादा” के संकल्प को साकार करने की दिशा में आज डीआरडीए सभागार, समाहरणालय नवादा में जिला प्रशासन और व्यापारियों के बीच एक सकारात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में शामिल अधिकारी और व्यापारी

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान, पुलिस उपाधीक्षक निशु मल्लिक, सदर एसडीपीओ हुलास कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक कुमार सहित जिले के प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे। बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि गुप्ता ने बताया कि संवाद से यह विश्वास मजबूत हुआ कि संयुक्त प्रयासों से नवादा को और अधिक समृद्ध और सुरक्षित बनाया जा सकता है।

बैठक में आर.पी. साहू, अम्बिका प्रसाद, वज़ीर प्रसाद, मुरारी शाहू, धीरेन्द्र कुमार (सीए), किशोरी लाल नायक, सतेंद्र यादव, बिनोद कुमार साव, प्रेम कुमार, सतीश साहू समेत नगर के प्रमुख व्यापारी उपस्थित थे।

बैठक में उठाए गए मुख्य मुद्दे और सुझाव

1. नवादा नगर की ट्रैफिक व्यवस्था
3 नंबर स्टैंड से इंदिरा गांधी चौक होते हुए प्रजातंत्र चौक तक यातायात व्यवस्था अत्यंत खराब है। इस मार्ग पर नियमित ट्रैफिक नियंत्रण, अतिक्रमण हटाने और यातायात पुलिस की प्रभावी तैनाती की मांग की गई।

2. नवादा नई स्टेशन, छाई रोड पर पुलिस पिकेट की मांग
नवादा नई स्टेशन जाने वाली छाई रोड पर सुरक्षा मजबूत करने के लिए स्थायी पुलिस पिकेट की स्थापना की आवश्यकता बताई गई। इससे अपराध नियंत्रण और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

3. माल गोदाम रोड स्थित ट्रांसफार्मर की समस्या
माल गोदाम रोड पर अम्बिका प्रसाद के मकान के पास सड़क पर लगे ट्रांसफार्मर से आम लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। करंट लगने का खतरा भी बना रहता है। जनहित में इसे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठी।

4. गोला रोड में नो-एंट्री समय में रियायत की मांग
गोला रोड क्षेत्र में लागू नो-एंट्री के समय में व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए व्यावहारिक रियायत देने की मांग की गई। इससे माल ढुलाई और व्यवसाय संचालन में राहत मिलेगी।

5. व्यापारियों की सुरक्षा का मुद्दा
जिले में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। प्रमुख बाजारों और नगर में नियमित पुलिस गश्त, सीसीटीवी निगरानी और त्वरित पुलिस सहायता व्यवस्था मजबूत करने की बात कही गई।

“समृद्ध नवादा, सुरक्षित नवादा” का लिया संकल्प
बैठक के अंत में पुलिस प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास और सकारात्मक संवाद स्थापित करने पर सहमति बनी। सभी ने स्वच्छ, सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और व्यवस्थित नवादा के निर्माण के लिए सहयोग और सहभागिता बढ़ाने का संकल्प लिया। संयुक्त प्रयास से समृद्ध, सुरक्षित और विकसित नवादा बनाने पर जोर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button