देवघर नगर निगम में CLAP हेतु FGD सम्पन्न: आजीविका योजना पर हितधारकों के साथ विस्तृत मंथन

देवघर। 20 मई 2026 को दोपहर 01:00 बजे से देवघर नगर निगम के द्वितीय तल पर स्थित सभागार कक्ष में ‘सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान’ (CLAP) के निर्माण हेतु एक अत्यंत महत्वपूर्ण फोकस ग्रुप डिस्कशन (FGD) का सफल आयोजन किया गया। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष बैठक की अध्यक्षता माननीय महापौर एवं माननीय उपमहापौर द्वारा संयुक्त रूप से की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नगरीय प्रशासन निदेशालय, झारखण्ड (राँची) द्वारा नियोजित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन अर्बन प्लानिंग एंड डिजाइन, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT), कालीकट’ के सहयोग से देवघर शहर के लिए एक मजबूत आजीविका योजना का खाका तैयार करना था। इसके अंतर्गत देवघर नगर निगम में शहरी गरीबों और कमजोर वर्ग के लिए रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के नए अवसर पैदा करने हेतु शहर में आजीविका की वर्तमान स्थिति और कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने के लिए एक ठोस कार्य योजना तैयार करने पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

​बैठक में शहर के विभिन्न हितधारकों और असंगठित क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने खुलकर अपनी बातें और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। चैम्बर ऑफ कॉमर्स, देवघर के उपाध्यक्ष श्री पीयूष जायसवाल ने स्थानीय व्यापारिक ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय युवाओं के नियोजन पर बल दिया। वहीं, देवघर फुटपाथ दुकानदार हॉकर्स संघ के अध्यक्ष श्री दिलीप वर्णवाल एवं देवघर जिला फुटकर व्यापार संघ के सचिव श्री पंकज कुमार ने छोटे वेंडर्स की आजीविका को सुरक्षित और व्यवस्थित करने की मांग रखी। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जुड़ाव को रेखांकित करते हुए दुर्गा स्वयं सहायता समूह की श्रीमती राखी देवी और सामुदायिक संसाधन सेवी (CRP) श्रीमती रीता देवी ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और महिलाओं की आर्थिक सहभागिता बढ़ाने का सुझाव दिया।

​इस मंथन में पहली बार श्रम और सेवा क्षेत्र के अंतिम पायदान पर खड़े कामगारों को भी सीधा मंच मिला। गिग वर्कर (Gig Worker) श्री रंजन कुमार साह और राजमिस्त्री श्री राजेश साह ने अपने क्षेत्र के श्रमिकों की सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को साझा किया। नगर निगम के वरीय सफाई निरीक्षक श्री सदाशिव जजवाड़े ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पर्यावरण-अनुकूल आजीविका के अवसरों पर प्रकाश डाला। नगर मिशन प्रबंधक की उपस्थिति में यह रणनीति भी बनाई गई कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर बेहतर समन्वय कैसे सुनिश्चित किया जाए। अंत में, माननीय महापौर एवं उपमहापौर ने संयुक्त रूप से कहा कि एनआईटी कालीकट जैसी प्रतिष्ठित संस्था के तकनीकी सहयोग से बनने वाला यह ‘CLAP’ मॉडल देवघर के हर गरीब और जरूरतमंद के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में मील का पत्थर साबित होगा और आज प्राप्त सभी बहुमूल्य सुझावों को इस ठोस कार्य योजना में प्राथमिकता से शामिल किया जाएगा।

इस आहुत बैठक में नगर मिशन प्रबंधक कौशल किशोर, विशाल सिंह, हिमांशु शेखर, सामुदायिक संगठनकर्ता श्वेता कुमारी, स्मिता, कुमारी अलका सोनी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button