तेतरिया पंचायत भवन में विशेष ग्राम सभा, पर्यावरण एवं स्वच्छता पर हुई चर्चा

मेसकौर (नवादा): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड अंतर्गत तेतरिया पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में मुखिया उमा भारती की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया।
ग्राम सभा में पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में पंचायत में कार्यरत स्वच्छता पर्यवेक्षक गौरी पांडेय से ग्रामीणों ने सभी वार्डों में नियमित साफ-सफाई और ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि कई स्थानों पर नियमित सफाई नहीं होने से समस्याएं बढ़ रही हैं।
पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार ने पंचायत में स्वच्छता कार्यों की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए आवश्यक सुधार की बात कही।
ग्राम सभा में स्वयं सहायता समूहों, स्वच्छाग्रहियों, फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं और युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने प्लास्टिक का कम उपयोग करने, अधिक से अधिक पौधरोपण करने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।



