दीवानगंज पंचायत भवन में विधायक विजय खेमका ने किया निरीक्षण, लाभुकों के बीच बांटे हेल्थ कार्ड, जॉब कार्ड व जन्म प्रमाण पत्र

जनकल्याण सहयोग शिविर में 167 आवेदन पहुंचे, 142 मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन

पूर्णिया। पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत दीवानगंज पंचायत भवन में आयोजित जनकल्याण सहयोग शिविर का निरीक्षण विधायक विजय खेमका ने बीडीओ एवं सीओ की उपस्थिति में किया। अधिकारियों ने विधायक को बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 167 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 142 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने लाभुकों के बीच हेल्थ कार्ड, जॉब कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय सप्ताह के मंगलवार को आयोजित होने वाले जनकल्याण सहयोग शिविर के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का समाधान करना एनडीए सरकार का संकल्प है।

विधायक श्री खेमका ने शिविर में उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उन्हें संबंधित विभागों के काउंटर पर आवेदन देकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार की स्पष्ट मंशा है कि आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनकल्याण सहयोग शिविर सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

अपने संबोधन में विधायक ने बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों से जनकल्याण सहयोग शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

शिविर के दौरान विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में बिजली के जर्जर तार, खराब पोल एवं ट्रांसफार्मर की समस्याओं को शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) से जुड़ी नल-जल योजना की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनकल्याण सहयोग शिविर में पंचायत के मुखिया, वार्ड सदस्य, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। शिविर में लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं और कई मामलों का मौके पर समाधान होने पर संतोष व्यक्त किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button