शिविर में युवाओं को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड व भत्ता योजनाओं की दी गई जानकारी

वीरपुर/बेगूसराय। प्रखंड कौशल विकास केंद्र वीरपुर एवं जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को डीहपर पंचायत के मलह डीह स्थित सामुदायिक भवन में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जागरूकता शिविर डीहपर पंचायत के मुखिया राजीव कुमार की देखरेख में संपन्न हुई।
इस जागरूकता शिविर में पंचायत के करीब दो दर्जन से अधिक युवाओं ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। शिविर के दौरान सात निश्चय योजना के अंतर्गत संचालित कुशल युवा प्रोग्राम, स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।शिविर में जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र से एसडब्ल्यूओ रवि शंकर साह, अमन कुमार एवं मोहम्मद आरजू आलम उपस्थित रहे। वहीं प्रखंड कौशल विकास केंद्र के केंद्र समन्वयक नीतीश कुमार ने भी युवाओं को योजनाओं से जुड़ने के लिए मार्गदर्शन दिया।



