ए एस कॉलेज, देवघर में IGNOU के जुलाई सत्र के लिए नामांकन शुरू, 15 जुलाई तक आवेदन का मौका

देवघर: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में जुलाई सत्र 2026 के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ए एस कॉलेज, देवघर स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र (3609) की समन्वयक प्रो. पायल प्रियदर्शिनी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जुलाई सत्र 2026 के लिए समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन नामांकन प्रारंभ हो चुका है, जिसकी अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इग्नू द्वारा स्नातकोत्तर (पीजी), स्नातक (यूजी), डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इच्छुक विद्यार्थी इग्नू के समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने आगे बताया कि इग्नू अध्ययन केंद्र पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में यहाँ के काउंसिलर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के छात्रों के लिए स्नातक सामान्य (BA), स्नातक विज्ञान सामान्य (BSc) और स्नातक वाणिज्य सामान्य (BCom) कार्यक्रमों में शुल्क की छूट का भी प्रावधान है, यानी इन सभी पाठ्यक्रमों में नामांकन शुल्क पर 50% की विशेष छूट दी गई है।

अध्ययन केंद्र के सहायक समन्वयक डॉ. राजेश राज और प्रो. अवनी कुमार मांझी ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा है कि वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए विद्यार्थी मोबाइल नंबर 7870057234 पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इग्नू दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का एक बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है। वर्तमान में अध्ययन केंद्र पर नामांकन, पुनः पंजीकरण (Re-registration) एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

ए एस कॉलेज, देवघर के इग्नू अध्ययन केंद्र (3609) पर हर रविवार को ऑनलाइन तथा ऑफलाइन माध्यम से यूजी और पीजी के विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट काउंसिलर्स द्वारा काउंसलिंग कक्षाएं भी आयोजित की जाती हैं, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

ज्ञात हो कि ए एस कॉलेज, देवघर में इग्नू की जून 2026 सत्रांत परीक्षा (Term End Examination) 01 जून से शुरू होने वाली है, जिसका संचालन आगामी 21 जुलाई तक लगातार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button