नशा मुक्ति अभियान के लिए बड़ी पहल, जागरूकता रथ को एसएसपी और डीडीसी ने दिखाई हरी झंडी

धनबाद: नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से धनबाद जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। समाज कल्याण तथा जनसंपर्क कार्यालय के संयुक्त प्रयास से नशा मुक्ति जागरूकता रथ निकाला गया, जिसे शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से रवाना किया गया।
इस अवसर पर धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार और उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने संयुक्त रूप से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह अभियान माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के बढ़ते प्रकोप के विरुद्ध तथा आमजन को इसके खतरों से आगाह करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं और किशोरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाना है, ताकि उन्हें इस सामाजिक बुराई से दूर रखा जा सके।

कार्यक्रम के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इस अभियान की सफलता तभी संभव है जब समाज का हर वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए।
वहीं उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने जिले के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की कि वे इस नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग दें और अपने आसपास के क्षेत्रों को नशामुक्त बनाने में योगदान करें।

इस मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्नेह कश्यप, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री नियाज़ अहमद, बाल संरक्षण पदाधिकारी श्रीमती साधना कुमारी सहित महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका- सहायिका, स्कूली बच्चे एवं समाहरणालय के कर्मी उपस्थित रहे।



