मधेपुरा के ललिया गांव में एक किलोमीटर सड़क नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश; एसडीएम ने जांच का दिया आश्वासन

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत ग्वालपाड़ा प्रखंड के पीर नगर पंचायत स्थित ललिया गांव में करीब एक किलोमीटर सड़क का निर्माण अब तक नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से उन्हें कच्चे और जर्जर रास्ते के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है और पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व में सरकार के खिलाफ आक्रोश मार्च भी निकाला था, लेकिन अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में किसी व्यक्ति के बीमार होने पर एंबुलेंस या अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते, जिससे मरीजों को लगभग 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर मुख्य सड़क तक जाना पड़ता है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि ललिया गांव सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित है और यह मार्ग मधेपुरा एवं आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सड़क का निर्माण होने से हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।

इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की है। वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए उदाकिशुनगंज के अनुमंडल पदाधिकारी पंकज कुमार घोष ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button