करौं के बेलकियारी गांव में एमडीए 2026 कार्यक्रम का राष्ट्रीय दल ने किया निरीक्षण

देवघर। 25 फरवरी 2026 को एमडीए 2026 कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करौं अंतर्गत सेंटिनल साइट ग्राम बेलकियारी का राष्ट्रीय दल द्वारा भ्रमण किया गया।
इस दौरान केंद्रीय दल के पदाधिकारी रवि कुमार वशिष्ठ (डायरेक्टर, आईएफडी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, भारत सरकार) ने घर-घर जाकर लोगों से जानकारी ली कि उन्होंने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया है या नहीं। जिन लोगों ने दवा लेने से इंकार किया था, उन्हें फाइलेरिया रोग के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए दवा का सेवन कराया गया।
निरीक्षण के क्रम में दवा प्रशासक टीम के कार्यों की समीक्षा भी की गई तथा संबंधित कर्मियों को शत-प्रतिशत लक्षित आबादी को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का निर्देश दिया गया।
मौके पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ-एनटीडी) के जोनल कोऑर्डिनेटर डॉ. हासीब जमन हक, जिला वीबीडी सलाहकार डॉ. गणेश कुमार यादव, एमटीएस डब्लू कुमार यादव, पीरामल फाउंडेशन की पीओसीडी रीता सिंह, सहिया मुन्नी देवी, उमेश कुमार एवं रामबदन रवानी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एमडीए कार्यक्रम का उद्देश्य फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सामुदायिक स्तर पर शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करना है, ताकि जिले को इस बीमारी से मुक्त बनाया जा सके।



