10 जून 2026 को बनेगा इतिहास: नरेंद्र मोदी बनेंगे सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री, तोड़ेंगे नेहरू का रिकॉर्ड

10 जून को टूटेगा नेहरू का 62 साल पुराना रिकॉर्ड, इतिहास के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनेंगे मोदी : नूतन गुप्ता

4399 दिन पूरे कर रचेंगे नया कीर्तिमान, भाजपा नेतृत्व नूतन बोलीं— यह मोदी नहीं, 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास की जीत है

 

पूर्णिया। देश की राजनीति में 10 जून 2026 का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन स्वतंत्र भारत के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। भाजपा की जिला मंत्री नूतन गुप्ता ने इसे भारतीय लोकतंत्र, जनविश्वास और विकास की राजनीति की ऐतिहासिक विजय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह रिकॉर्ड जनता के अटूट भरोसे का प्रमाण है।

नूतन गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक लगातार 4398 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 मई 2014 से लगातार देश की सेवा करते हुए 10 जून 2026 को 4399 दिनों का कार्यकाल पूरा करेंगे और नेहरू का छह दशक पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक राजनीतिक रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि यह उस जनसमर्थन की कहानी है जिसे देश की जनता ने लगातार तीन लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी को दिया। जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की नीतियों पर भरोसा जताते हुए उन्हें बार-बार देश की सेवा का अवसर दिया है।

भाजपा नेता ने कहा कि मोदी सरकार इसी महीने अपने सफल 12 वर्ष पूरे कर रही है। इस दौरान देश ने विकास और परिवर्तन का नया युग देखा है। करोड़ों गरीबों को आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन और स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला। महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, किसानों के कल्याण और डिजिटल क्रांति के माध्यम से भारत ने नई पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। सड़क, रेलवे, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और आधुनिक बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। आत्मनिर्भर भारत अभियान ने देश को वैश्विक आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में मजबूती प्रदान की है।

नूतन गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज पहले से अधिक प्रभावशाली हुई है और दुनिया भारत को एक निर्णायक एवं उभरती हुई महाशक्ति के रूप में देख रही है।
उन्होंने कहा कि 10 जून केवल एक रिकॉर्ड बनने की तारीख नहीं होगी, बल्कि यह सेवा, समर्पण, सुशासन और जनता के अटूट विश्वास की विजय का प्रतीक बनेगी। यह दिन भारतीय लोकतंत्र की ताकत और जनता द्वारा विकास की राजनीति को दिए गए समर्थन के रूप में भी याद किया जाएगा।

नूतन गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह ऐतिहासिक कीर्तिमान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और नेतृत्व की नई प्रेरणा देगा। भारत आज जिस गति से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसमें यह उपलब्धि एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button