पानी की परेशानी पर वार, डीएम ने 9 चापाकल मरम्मत दल किए रवाना

- गर्मी से पहले प्रशासन अलर्ट, खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए जिले के नौ प्रखंडों में तैनात होंगी टीमें
- मौके पर लोक स्वास्थ्य प्रमंडल अररिया एवं फारबिसगंज के कार्यपालक अभियंता रहे मौजूद
अररिया/ डॉ. रूद्र किंकर वर्मा/ कृष्ण कुमार। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने समाहरणालय परिसर से गुरुवार को 9 चापाकल मरम्मत दलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये दल जिले के विभिन्न प्रखंडों में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कर आम लोगों को राहत पहुंचाने का काम करेंगे।
इस मौके पर लोक स्वास्थ्य प्रमंडल अररिया एवं फारबिसगंज के कार्यपालक अभियंता सहित पीएचईडी विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या को देखते हुए चापाकलों की मरम्मत के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
लोक स्वास्थ्य प्रमंडल अररिया के अंतर्गत अररिया, रानीगंज, जोकीहाट, पलासी और सिकटी प्रखंडों के लिए 5 मरम्मत दल बनाए गए हैं। वहीं लोक स्वास्थ्य प्रमंडल फारबिसगंज के अंतर्गत फारबिसगंज, नरपतगंज, भरगामा और कुर्साकांटा प्रखंडों के लिए 4 मरम्मत दल गठित किए गए हैं। ये सभी दल क्षेत्र में खराब पड़े चापाकलों की पहचान कर उनकी शीघ्र मरम्मत करेंगे।
शिकायत के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
चापाकल मरम्मत से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए गए हैं। लोक स्वास्थ्य प्रमंडल अररिया के लिए 06453-350024 तथा लोक स्वास्थ्य प्रमंडल फारबिसगंज के लिए 06455-450119 नंबर जारी किया गया है।
नियंत्रण कक्ष प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यरत रहेगा। इसके अलावा चापाकल मरम्मत से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 18001231121 भी जारी किया गया है।
अधिकारियों से सीधे कर सकते हैं संपर्क
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि लोग अपने क्षेत्र के सहायक अभियंता और कनीय अभियंता से भी सीधे संपर्क कर सकते हैं, ताकि खराब चापाकलों की शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन का कहना है कि इन मरम्मत दलों के सक्रिय होने से जिले में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत तेजी से होगी और गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिलेगी।
इन प्रखंडों में काम करेंगे मरम्मत दल
अररिया, रानीगंज, जोकीहाट, पलासी, सिकटी, फारबिसगंज, नरपतगंज, भरगामा और कुर्साकांटा।



