ललिया गांव में एक किलोमीटर सड़क नहीं बनने से ग्रामीणों में आक्रोश, एसडीएम ने जांच का दिया आश्वासन

- ग्वालपाड़ा के ललिया गांव में अब तक एक किलोमीटर सड़क नहीं होने से लोगों में भारी रोष।
- सड़क समस्या पर प्रशासन गंभीर, एसडीएम ने जांच का दिया आश्वासन।
उदाकिशुनगंज/मधेपुरा/संजीव कश्यप। मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत ग्वालपाड़ा प्रखंड के पीर नगर पंचायत स्थित ललिया गांव में लगभग एक किलोमीटर सड़क का निर्माण अब तक नहीं होने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। मिली जानकारी के अनुसार इस गांव के लोगों को वर्षों से कच्चे रास्ते के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब पैदल घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर पूर्व में उन्होंने सरकार के खिलाफ आक्रोश मार्च भी निकाला था, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान रास्ता कीचड़मय हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में यदि कोई व्यक्ति बीमार पड़ जाता है तो एंबुलेंस या अन्य वाहन सीधे गांव तक नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे में लोगों को करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार ललिया गांव सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित है और यह मार्ग मधेपुरा तथा आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सड़क निर्माण होने से हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की है। वहीं इस मामले में उदाकिशुनगंज के अनुमंडल पदाधिकारी पंकज कुमार घोष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



