जल जीवन हरियाली योजना से जीर्णोद्धार होगा मकनपुर अनुसूचित टोला का सरकारी कुंआ
वारिसलीगंज/नवादा (अभय कुमार रंजन) : वारिसलीगंज प्रखण्ड के मकनपुर गांव स्थित रविदास टोला का दशकों पुराना सरकारी कुंआ को अब अपनी पुरानी पहचान मिलने की संभावना बन रही है। एक दशक पहले तक यह कुंआ रविदास टोले के दर्जनों परिवारों की प्यास बुझाता था, लेकिन पिछले एक दशक से उपेक्षा का शिकार होकर मोहल्ले वालों का कूड़ेदान बन चुका था। अब बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी “जल जीवन हरियाली योजना” के तहत इस कुंए का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
नल जल की व्यवस्था होने के बाद मोहल्लेवासियों ने सरकारी कुंए को भरकर उक्त स्थान पर सामुदायिक भवन बनवाने के प्रयास में है, जबकि उक्त कुएं की पानी से सैकड़ो लोगो की प्यास तो बुझती ही थी। आसपास के खेतो में लगी सब्जियों की सिंचाई भी की जाती थी। ग्रामीण बताते है कि शादी विवाह में कुछ रश्म कुंए पर की जाती थी।
ग्रामीणों ने बताया कि 10 साल पहले तक इस कुंए से 40 से अधिक परिवार रोज पानी भरते थे। हैंडपंप लगने और पाइपलाइन बिछने के बाद इसकी अनदेखी होने लगी। रखरखाव न होने से कुंआ कचरे और गंदगी से पट गया। बरसात में इसमें गंदा पानी जमा होने से बीमारी फैलने का डर भी बना रहता था।
जल जीवन हरियाली योजना के तहत कुंए की गाद सफाई, चारदीवारी मरम्मत और टूटे फूटे चौताल की मरम्मती होने की संभावना बनी है। मनरेगा के कार्यक्रम प्रखण्ड पदाधिकारी कुमुद रंजन ने बताया कि योजना के तहत नया कुंआ निर्माण तथा मकनपुर समेत कई गांवों के पुराने जलस्रोतों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। कुंए के जीर्णोद्धार से रविदास टोला के लोगों को पामी की समस्या से राहत मिलेगी और भूजल स्तर भी बेहतर होगा।
क्या कहते है अधिकारी: कुंआ में कचरा भरे होने की शिकायत मिली है। निरीक्षण पश्चात जलजीवन हरियाली योजना के तहत जीर्णोद्धार करवाया जाएगा। कुमुद रंजन, पीओ, जी राम जी, वारिसलीगंज।



