फ़ूड क्राफ्ट संस्थान, देवघर में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई सरस्वती पूजा

देवघर (झारखंड)। फ़ूड क्राफ्ट संस्थान, देवघर में विद्या की देवी माँ सरस्वती की पूजा पूरे श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर संस्थान के सभी छात्र-छात्राओं, अधिकारीगण, शिक्षक एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से भाग लेकर पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. नृपेन्द्र सिंह लिंगवाल, प्रशासनिक-सह-लेखा अधिकारी सुरोजीत नामाता, वरिष्ठ व्याख्याता अनुपम आलोक, व्याख्याता डॉ. श्वेता नृपेन्द्र लिंगवाल तथा सहायक व्याख्याता खिलेश पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
पूजा के दौरान विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ माँ सरस्वती की आराधना की गई, तत्पश्चात सामूहिक आरती का आयोजन हुआ। प्रधानाचार्य नृपेन्द्र सिंह लिंगवाल ने इस अवसर पर छात्रों को विद्या, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए माँ सरस्वती से ज्ञान एवं सद्बुद्धि की कामना करने का संदेश दिया।
पूजा एवं आरती के उपरांत सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करते समय सभी में आपसी सौहार्द, उल्लास एवं भक्ति की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
पूरे संस्थान परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिससे भक्तिमय माहौल बना रहा। पूजा कार्यक्रम के सफल आयोजन में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। इसके अतिरिक्त, संस्थान के छात्रों द्वारा विशेष रूप से सात्विक भोजन का आयोजन भी किया गया, जिसमें शुद्ध, ताज़ा और सात्विक सामग्री से तैयार व्यंजन जैसे फल, दूध-दही आधारित मिठाइयाँ, हलवा, पूड़ी, सब्जी बसंती पुलाव और अन्य पौष्टिक एवं शाकाहारी व्यंजन शामिल थे। सभी ने इस सात्विक भोजन को खूब आनंद और श्रद्धा के साथ ग्रहण किया, जिससे पूजा का भक्तिमय माहौल और भी अधिक आध्यात्मिक हो गया।



