नरपतगंज में विकास को मिलेगी रफ्तार: जयनगर-घूरना सड़क निर्माण का शुभारंभ आज

मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल करेंगे शुरुआत, सांसद प्रदीप कुमार सिंह रहेंगे मुख्य अतिथि : देवंती यादव

नरपतगंज। “जन-जन के आस, जनता का विश्वास” के मूलमंत्र के साथ नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र में आज विकास की एक और अहम कड़ी जुड़ने जा रही है। जयनगर से घूरना तक बनने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य का आज विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में बिहार सरकार के उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे, जबकि अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।

यह आयोजन नरपतगंज स्थित कोशी कॉलोनी में प्रातः 11:00 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय विधायक देवंती यादव ने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुभारंभ को लेकर सभी प्रशासनिक एवं मंचीय तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा, जयनगर से घूरना तक सड़क निर्माण कार्य क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग रही है। इस सड़क के बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी। यह परियोजना नरपतगंज के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

विधायक ने आगे कहा कि राज्य सरकार विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और क्षेत्र में लगातार बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें।
कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। साथ ही प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button