वाराणसी में स्कूल चलो अभियान फेज-2 का शुभारम्भ, बच्चों के नामांकन बढ़ाने पर जोर

वाराणसी। सेवापुरी ब्लॉक क्षेत्र में स्कूल चलो अभियान फेज-2 का शुभारम्भ पी.एम. श्री प्राथमिक विद्यालय ठटरा-प्रथम के प्रांगण से किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र प्रसाद पटेल और विशिष्ट अतिथि खण्ड विकास अधिकारी सेवापुरी राजेश सिंह एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी सेवापुरी संजय कुमार यादव ने संयुक्त रूप से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली गांव की विभिन्न बस्तियों से होते हुए वापस पी.एम. श्री प्राथमिक विद्यालय ठटरा-प्रथम पहुंची, जहां यह एक सभा के रूप में परिवर्तित हो गई। इस दौरान ग्रामीणों और अभिभावकों को बच्चों को विद्यालय भेजने तथा शत-प्रतिशत नामांकन के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। इनमें पूर्व माध्यमिक विद्यालय ठटरा, कम्पोजिट विद्यालय करधना और पी.एम. श्री प्राथमिक विद्यालय ठटरा-प्रथम शामिल रहे। इसके अलावा पिछले वर्ष की तुलना में अधिक नामांकन कराने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेन्द्र प्रसाद पटेल ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव होती है। वहीं खण्ड विकास अधिकारी राजेश सिंह ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
खण्ड शिक्षा अधिकारी सेवापुरी संजय कुमार यादव ने कहा कि विभाग का लक्ष्य विद्यालयों को चाइल्ड फ्रेंडली बनाकर प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, महामंत्री शशिकान्त दुबे, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष काशीनाथ यादव, जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष आनंद सिंह, शिक्षक नेता दिनेश सिंह, एआरपी शशि प्रकाश राय व राकेश कुमार बिन्द सहित अनेक शिक्षक, प्रधानाध्यापक और शिक्षक संकुल मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सुनील कुमार बिन्द ने की। संचालन शिक्षक सुशील कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापिका रेनू गुप्ता ने प्रस्तुत किया।



