रेल मंत्री से मिले सांसद प्रदीप सिंह, अररिया की रेल कनेक्टिविटी पर उठाए 7 मुद्दे

नई दिल्ली। अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने गुरुवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर अररिया सहित पूरे सीमांचल की रेल सुविधाओं से जुड़े 7 महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सांसद ने लंबित रेल परियोजनाओं में तेजी, नई ट्रेनों के संचालन, मौजूदा सेवाओं के विस्तार तथा यात्रियों की सुविधाओं को लेकर रेल मंत्री को विस्तृत मांग-पत्र भी सौंपा।
सांसद ने कहा कि सीमांचल के लाखों लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही और क्षेत्र का आर्थिक विकास मजबूत रेल नेटवर्क पर निर्भर है। ऐसे में लंबित परियोजनाओं को गति देना और नई रेल सुविधाओं का विस्तार समय की जरूरत है।

जोगबनी में वाशिंग पिट को जल्द मंजूरी की मांग
सांसद ने जोगबनी/फारबिसगंज में प्रस्तावित वाशिंग पिट लाइन एवं कोच अनुरक्षण परियोजना को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति देने की मांग की। उन्होंने बताया कि परियोजना में देरी के कारण नई ट्रेनों के संचालन, ट्रेनों के विस्तार और नियमित अनुरक्षण में बाधा आ रही है। परियोजना का IRPSM Proposal रेलवे बोर्ड के EDME (Projects) स्तर पर विचाराधीन है।

अररिया-सुपौल रेललाइन में तेजी
अररिया-सुपौल नई रेललाइन को लेकर सांसद ने भूमि अधिग्रहण, विभिन्न विभागों की NOC, विद्युत ट्रांसमिशन लाइन, मिट्टी की उपलब्धता और पुल निर्माण जैसी बाधाओं को जल्द दूर कराने का आग्रह किया, ताकि परियोजना को निर्धारित गति मिल सके।
जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस प्रतिदिन चलाने की मांग
सांसद ने जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस (13159/13160) को प्रतिदिन चलाने की मांग की। सीमित दिनों के संचालन से यात्रियों को हो रही परेशानी का हवाला देते हुए उन्होंने जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग से ट्रेन संचालन की संभावना पर भी विचार करने का आग्रह किया।

अमृत भारत स्टेशन का जल्द शुभारंभ
अररिया अमृत भारत स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए सांसद ने इसके शीघ्र औपचारिक शुभारंभ एवं पूर्ण संचालन की मांग रखी। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।

DEMU की जगह MEMU, अतिरिक्त ट्रेनों की मांग
सांसद ने जोगबनी-कटिहार DEMU सेवा को MEMU में परिवर्तित करने के साथ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस रेलखंड पर अतिरिक्त पैसेंजर/MEMU ट्रेनों के संचालन की भी मांग की।
सावन स्पेशल ट्रेन का फारबिसगंज/नरपतगंज तक विस्तार
धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए सांसद ने राघोपुर-देवघर सावन विशेष ट्रेन का विस्तार नरपतगंज अथवा फारबिसगंज तक करने का आग्रह किया। इससे अररिया और आसपास के जिलों के हजारों श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

लक्ष्मीपुर-पोठिया-फारबिसगंज रेललाइन का सर्वे आगे बढ़ाने की मांग
सांसद ने लक्ष्मीपुर से पोठिया होते हुए फारबिसगंज तक लगभग 17 किलोमीटर नई रेललाइन के भूमि सर्वेक्षण कार्य को आगे बढ़ाने और परियोजना को जल्द पूरा करने की दिशा में आवश्यक निर्णय लेने का भी आग्रह किया।

“रेल विकास से बदलेगा सीमांचल का भविष्य”
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा, “अररिया एवं सीमांचल का रेल विकास केवल यात्री सुविधाओं का विषय नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास से सीधे जुड़ा है। सीमांचल को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के लिए मैं लगातार प्रयासरत हूं और जनता की आवाज को संसद से लेकर संबंधित मंत्रालय तक मजबूती से उठाता रहूंगा।”
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
सांसद ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय के सकारात्मक निर्णय से अररिया सहित पूरे सीमांचल में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रियों की सुविधाएं बढ़ेंगी और क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button