मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की समीक्षा बैठक, झारखंड में शिक्षकों की भर्ती तेज

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की अद्यतन कार्य प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में सीएम ने अधिकारियों को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्थाएं, आधारभूत संरचनाओं तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार द्वारा विद्यालयों से जुड़ी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से पारदर्शिता के साथ अध्यनरत छात्र-छात्राओं तक ससमय पहुंचाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार झारखंड के बच्चों को बेहतर और क्वालिटी एजुकेशन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सीएम सोरेन ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम में निरंतर सुधार हो रहा है, बच्चों का रिजल्ट और ज्यादा अच्छा हो इस निमित्त शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्य सहित सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान केंद्रित करें। इस दौरान सीएम सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाएं। शिक्षण के क्षेत्र में 100 प्रतिशत रिक्त पदों को भरना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में हज़ारों शिक्षकों की भर्ती की गई है और उन्होंने निर्देश दिया कि बाकी बचे रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया को बिना किसी रुकावट के जारी रखा जाए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी सत्यापन की औपचारिकताएं इस महीने के अंत तक पूरी कर ली जाएं ताकि यह पक्का हो सके कि नए नियुक्त शिक्षकों को उनका वेतन समय पर मिल जाए। साथ ही सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि शिक्षा किसी भी राज्य की आधारशिला होती है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित हो और प्रत्येक बच्चे को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button