महिला आरक्षण 2023 लागू करने की मांग को लेकर पोस्टकार्ड अभियान तेज

सिमडेगा। महिला आरक्षण बिल 2023 को जल्द लागू करने की मांग को लेकर जिले में कांग्रेस महिला मोर्चा द्वारा चलाया जा रहा पोस्टकार्ड अभियान लगातार जोर पकड़ता जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को भी महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष जोसिमा खाखा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पोस्टकार्ड लिखकर अपनी मांग दोहराई। अभियान के दौरान महिलाओं ने पोस्टकार्ड पर महिला आरक्षण बिल 2023 लागू करो, आज और अभी लागू करो लिख कर पोस्ट किया। जोसिमा खाखा ने कहा कि महिला आरक्षण बिल वर्षों से लंबित रहा है और अब समय आ गया है कि इसे बिना किसी देरी के लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि राजनीति और नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना बेहद जरूरी है। ताकि समाज के हर वर्ग की आवाज सही तरीके से प्रतिनिधित्व पा सके। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा, तब तक समावेशी विकास की कल्पना अधूरी रहेगी। महिला आरक्षण बिल लागू होने से पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और इससे देश के विकास को नई दिशा मिलेगी। अभियान के दौरान महिलाओं ने कहा कि अब वे अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठा रही हैं और जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर जिप सदस्य प्रेमा बड़ा, वार्ड पार्षद रोसा कुल्लू, ज्योति लकड़ा, बिमला जयसवाल, संगीता कुमारी, उर्मिला केरकेट्टा, शजदा खातून आदि उपस्थित थी।



