‘इश्क की सजा मौत’ : प्रेम विवाह से बौखलाए भाई ने डैम में फेंकी बहन की लाश, नवादा में ऑनर किलिंग से दहशत

खून का रिश्ता हुआ खूनी : डैम की गहराई में दफन हुआ 'प्रेम विवाह' का सच, नवादा पुलिस ने भाई को दबोचा

नवादा (राजीव कुमार) : नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ताराकोल डेम में एक सप्ताह पूर्व मिले युवती के शव मामले का नवादा पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका के सगे भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रेम-प्रसंग में किए गए विवाह से नाराज परिजनों ने ही युवती की हत्या कर शव को डेम में फेंक दिया था।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 11 जून 2026 को ताराकोल डेम में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही कौआकोल पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। बाद में शव की पहचान नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवतर गांव निवासी अशोक कुमार की 21 वर्षीय पुत्री दिव्या कुमारी के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कौआकोल थाना कांड संख्या 303/26 दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई तथा एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ पकरीबरावां के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स तथा ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर लगातार छापेमारी की गई। इसी क्रम में मृतका के भाई मनीष कुमार को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान मनीष कुमार ने बताया कि उसकी बहन दिव्या कुमारी ने प्रेम-प्रसंग में हरियाणा के पानीपत में विवाह कर लिया था। इस बात से परिवार के लोग नाराज थे। घर लौटने पर विवाह को लेकर परिवार में विवाद और कहासुनी हुई थी। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

इधर छापेमारी के दौरान गुललियातरी गांव निवासी कृष्णा देव प्रसाद के घर की तलाशी में एक बनावटी गन (थर्नट) और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में कौआकोल थाना कांड संख्या 307/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त मनीष कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। नवादा पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में शामिल शेष लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में हत्याकांड को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button