धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर सिंहभूम चेम्बर का विरोध-प्रदर्शन

जमशेदपुर। जमशेदपुर एवं कोल्हान क्षेत्र को हवाई संपर्क प्रदान करने हेतु लंबे समय से लंबित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआई) द्वारा शनिवार को बिष्टुपुर गोपाल मैदान के निकट पोस्टल पार्क में एक शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस विरोध-प्रदर्शन में शहर के व्यापारिक, औद्योगिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता व्यक्त की। इस विरोध-प्रदर्शन में जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरन महतो भी शामिल हुए और उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि इस परियोजना को शीघ्र आगे बढ़ाने के लिए वे केंद्र सरकार के समक्ष इस मुद्दे को और मजबूती से उठाएंगें। विरोध-प्रदर्शन के उपरांत झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम संबोधित एक ज्ञापन पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से सौंपा गया। यह ज्ञापन उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान की उपस्थिति में दिया गया, जिसमें राज्य सरकार से अनुरोध किया गया कि वह केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर इस महत्वपूर्ण परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाए। सिंहभूम चेंबर ने आशा व्यक्त की है कि राज्य सरकार इस महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजना को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगी, ताकि वर्षों से प्रतीक्षित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना जल्द से जल्द धरातल पर उतर सके।
इस विरोध-प्रदर्शन में हर्ष बांकेरवाल, अनिल मोदी, अनिल रिंगासिया, अंशुल रिंगासिया, राजीव अग्रवाल, सुरेश शर्मा लिपू, भरत मकानी, विनोद शर्मा, ललित केडिया, कमल सिंघानिया, रमेश अग्रवाल, निर्मल काबरा, सुरेश सोंथालिया, आलोक चौधरी, सुमन नागेलिया, विनीता साह, जगदीश खंडेलवाल, दिलीप कुमार, राजीव बधान, कृष्णा भालोटिया, आदर्श डोडराजका, पियूष अडेसरा, राजेश लोधा, पंकज झा, नवल वर्णवाल, चन्द्रकांत झटाकिया, सुधीर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, राजेश पासारी, राजेश मित्तल, अशोक गोयल, नंद किशोर अग्रवाल एवं उमेश खिरवाल सहित लगभग 500 गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



